ज़ीरकपुर / अखंड लोक (देव शर्मा)
ए.एस.पी. ज़ीरकपुर द्वारा सब-डिवीजन ज़ीरकपुर की विभिन्न विलेज डिफेंस कमेटियों के सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक में क्षेत्र में नशे की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के बारे में विलेज डिफेंस कमेटियों सदस्यों को जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस और गांववासियों का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है।

इस दौरान अपने किराएदार को जानें अभियान के बारे में भी सदस्यों को जागरूक किया गया। उन्हें अपने क्षेत्र में रहने वाले किराएदारों की पुलिस वेरिफिकेशन करवाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

बैठक में विलेज डिफेंस कमेटियों सदस्यों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया तथा जायज समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस की ओर से विलेज डिफेंस कमेटियों को भरोसा दिलाया गया कि पुलिस हर समय उनकी सहायता के लिए उपलब्ध है। साथ ही अपील की गई कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, नशा बेचने वाला या किसी अन्य गैर-कानूनी गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

पुलिस ने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही नशा-मुक्त, सुरक्षित और अपराध-मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here