पांच हजार की नकदी, क्रेडिट कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण पत्र था पर्स में
जीरकपुर / अखंड लोक (देव शर्मा)
जीरकपुर के पालम एन्क्लेव इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों द्वारा एक दिव्यांग व्यक्ति से पर्स झपटने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पर्स में नकदी के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज होने के कारण पीड़ित को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार पालम एन्क्लेव निवासी सुरिंदर पाल जरनैल एन्क्लेव में अपना इंस्टीट्यूट चलाते हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर से इंस्टीट्यूट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने अचानक उनके हाथ से पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से वहां से निकल गए।
सुरिंदर पाल के मुताबिक वह दिव्यांग हैं और चलने में असमर्थ हैं। अचानक हुई घटना के कारण वह कुछ समय के लिए संभल नहीं पाए। उन्होंने बताया कि पर्स में करीब पांच हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड और दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए आरोपियों का पता लगाने और पर्स बरामद करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत देने के बावजूद अभी तक पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं हैं।
वारदात के बाद इलाके के लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।




