अमृतसर / अखंड लोक ब्यूरो
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अकाली दल वारिस पंजाब दे ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने बुधवार को दो और विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। खास बात यह है कि दोनों उम्मीदवार सांसद अमृतपाल सिंह के करीबी साथी हैं और फिलहाल जेल में बंद हैं।
अमृतसर में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने दोनों नामों की घोषणा की। पार्टी ने अजनाला विधानसभा सीट से दलजीत सिंह कलसी और मोगा सीट से गुरमीत सिंह बुक्कनवाला को चुनाव मैदान में उतारने का ऐलान किया है।
दोनों नेताओं को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में रखा गया है। पार्टी का कहना है कि जेल में होने के बावजूद दोनों नेता चुनाव लड़ेंगे। इस फैसले ने पंजाब की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है।
वारिस पंजाब दे की ओर से अब तक तीन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले बस्सी पठाना सीट से सतवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया गया था। सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं।
जेल में बंद नेताओं को चुनावी मैदान में उतारने के पार्टी के फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब यह देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में वारिस पंजाब दे की यह रणनीति क्या राजनीतिक असर डालती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here