चंबा / अखंड लोक ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही छह साल के बेटे को रावी नदी में फेंकने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपने बेटे को रावी नदी में फेंक दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना चंबा-पठानकोट मार्ग पर स्थित परेल पुल के पास हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता ने अपने छह साल के बेटे को पुल से रावी नदी में फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

वारदात के बाद आरोपी सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस और बचाव दल नदी में बच्चे की तलाश कर रहे हैं। हालांकि, तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती बनी हुई है और अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

एक महीने से मायके में रह रही पत्नी
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय हितेश कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूंई, डाकघर कियाणी सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई। हितेश की पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में साढ़े तीन वर्षीय छोटे बेटे के साथ रह रही है, जबकि छह वर्षीय बड़ा बेटा पिता के साथ परेल में रह रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here