दो शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, पार्षद ने निजी खर्च से करवाई सड़क की मरम्मत

ज़ीरकपुर / अखंड लोक (देव शर्मा)
ज़ीरकपुर नगर परिषद की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। वार्ड नंबर 5 में सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर नगर परिषद को दो शिकायतें दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर पार्षद करमजीत सिंह चौहान ने अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत करवा दी। इस मामले को लेकर उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, एकता विहार की मुख्य सड़क पर लंबे समय से बना बड़ा गड्ढा स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे थे और कई वाहनों को नुकसान भी पहुंच रहा था। इस संबंध में नगर परिषद में शिकायत संख्या 20260796877 और 20260796954 (18 जुलाई 2026) दर्ज करवाई गई थीं, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पार्षद करमजीत सिंह चौहान ने बताया कि जब प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया, तब लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत करवाई। उनके अनुसार, मॉडर्न एंक्लेव में हाउस नंबर 40 के बाहर सड़क धंसने की शिकायत भी करीब 20 से 25 दिन पहले नगर परिषद को दी गई थी, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उस सड़क की मरम्मत भी निजी स्तर पर करवाई गई।
स्थानीय निवासियों ने सड़क ठीक होने पर राहत जताते हुए पार्षद का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि जब नगर परिषद ने समस्या का समाधान नहीं किया, तब पार्षद ने आगे बढ़कर लोगों की सुविधा का ध्यान रखा।
इस पूरे मामले को लेकर करमजीत सिंह चौहान ने नगर परिषद से दोनों शिकायतों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने, वार्ड नंबर 5 सहित शहर की लंबित शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने, जनता के टैक्स से किए जा रहे खर्च का सामाजिक ऑडिट कराने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहता है तो जनप्रतिनिधियों को जनता के हित में आगे आना पड़ेगा। उनका कहना था कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है और लोगों की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here