फिरोजपुर / अखंड लोक ब्यूरो
पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर से बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव तूत निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी गुरजीत सिंह तूत का निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके निधन के बाद आज गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। गुरजीत के निधन की खबर से परिवार, गांववासियों, कबड्डी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई।
गुरजीत सिंह तूत ने कबड्डी के मैदान में अपनी शानदार प्रतिभा के दम पर खास पहचान बनाई थी। बतौर रेडर उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश-विदेश में नाम कमाया। उनके खेल के मुरीद सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बड़ी संख्या में थे। इंग्लैंड सहित कई देशों में उन्होंने अपने खेल का लोहा मनवाया और अपने गांव व पंजाब का नाम रोशन किया।
दोस्त ने बताया- पूरी दुनिया में गांव का नाम रोशन किया
गुरजीत के दोस्त राजदीप सिंह ने बताया कि गुरजीत ने अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर पूरी दुनिया में गांव तूत का नाम रोशन किया। उन्हें कबड्डी के क्षेत्र में काफी प्रसिद्धि मिली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई।
राजदीप सिंह ने भावुक होते हुए बताया कि जीवन के एक दौर में गुरजीत गलत संगत और नशे के दलदल में फंस गए थे। उन्होंने इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए प्रयास भी किए, लेकिन दुर्भाग्य से वह पूरी तरह इससे बाहर नहीं निकल पाए। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी।
कबड्डी जगत के लिए बड़ी क्षति
गुरजीत सिंह तूत के निधन से कबड्डी जगत ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी खो दिया है। परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों, कबड्डी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके समर्थकों का कहना है कि कबड्डी के मैदान में उनके शानदार खेल और उनकी उपलब्धियों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
गुरजीत सिंह तूत का जीवन जहां खेल के क्षेत्र में सफलता और पहचान की कहानी रहा, वहीं उनके अंतिम वर्षों का संघर्ष युवाओं के लिए नशे से दूर रहने का एक गंभीर संदेश भी छोड़ गया है।




