जीरकपुर, अखंड लोक (देव शर्मा)
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीरकपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 48,455 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि बरामद नशीली दवाइयों की आपूर्ति उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित एक मेडिकल स्टोर से की जा रही थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी एसएएस नगर हरमनदीप हंस (आईपीएस) के निर्देशों तथा एएसपी जीरकपुर ग़ज़लप्रीत कौर (आईपीएस) की निगरानी में थाना जीरकपुर के प्रभारी इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह के नेतृत्व में एएसआई हरविंदर सिंह की टीम ने नाकाबंदी के दौरान हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर निवासी संजय कुमार को 2,400 नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ये दवाइयां ग्रेटर नोएडा के कसना स्थित अमित मेडिकल स्टोर से लेकर आता था। इसके बाद पुलिस ने अदालत से तलाशी और गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक रवि कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया। स्टोर और उसके कमरे की तलाशी में पुलिस ने 48,455 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए। इनमें स्पास्मो के 16,800 कैप्सूल, स्पास्मो प्रॉक्सीवोन प्लस के 8,640 कैप्सूल, प्रॉक्सीको स्पा के 17,015 कैप्सूल तथा अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 6,000 गोलियां शामिल हैं।
मुख्य आरोपी रवि कुशवाहा को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान नशीली दवाइयों की सप्लाई चेन, इससे जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here