ज़ीरकपुर, अखंड लोक (देव शर्मा)
ज़ीरकपुर ट्रैफिक पुलिस ने मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए एक महिला का खोया हुआ पर्स सुरक्षित लौटाकर लोगों का दिल जीत लिया। पर्स में नकदी, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे, जिन्हें बिना किसी नुकसान के उनके मालिक तक पहुंचाया गया। ट्रैफिक पुलिस के इस सराहनीय कदम की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, पटियाला निवासी सरोज रानी का पर्स सिंहपुरा लाइट प्वाइंट के पास कहीं गिर गया था। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की नजर पर्स पर पड़ी। जांच करने पर उसमें नकदी, मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले।
इसके बाद पुलिस कर्मियों ने पर्स में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर महिला से संपर्क किया और उन्हें पर्स मिलने की सूचना दी। सूचना मिलने पर सरोज रानी अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचीं, जहां ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अमरजीत सिंह और एएसआई प्रेम सिंह ने उन्हें उनका पर्स, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज सही-सलामत सौंप दिए।
अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर सरोज रानी ने ट्रैफिक पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दोनों पुलिस अधिकारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होता है।
इस अवसर पर ट्रैफिक प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की हरसंभव सहायता करना भी है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मियों को ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभानी चाहिए ताकि जनता और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत हो सके।
मौके पर मौजूद लोगों ने भी ट्रैफिक पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं और समाज में भरोसे का संदेश देते हैं।




