सीसीटीवी, रात्रि गश्त और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्रवासियों ने उठाई आवाज

जीरकपुर / अखंड लोक संवाददाता
ढकोली के वार्ड नंबर-13 में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों की नींद उड़ा दी है। शिवा विहार, वसंत विहार, गुलमोहर ट्रेंड्स सोसाइटी, ढकोली गांव, पुराने कुएं के आसपास और सरकारी स्कूल के निकट हुई वारदातों के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। रविवार को बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की।
बैठक के दौरान लोगों ने कहा कि बीते कुछ दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। दोपहिया वाहन, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी होने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उनका कहना है कि अब सबसे बड़ी चिंता बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर है, क्योंकि शाम के समय क्षेत्र में लोगों का बाहर निकलना भी प्रभावित होने लगा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार चोर पहले दिन में इलाके की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और रात के समय सुनसान स्थानों या कम निगरानी वाले क्षेत्रों को निशाना बनाते हैं। उनका कहना है कि शिवा विहार, वसंत विहार, पुराने कुएं के पास, सरकारी स्कूल और गुलमोहर ट्रेंड्स सोसाइटी के आसपास ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि चोरी की घटनाओं की शिकायतें लगातार थाना ढकोली में दी जा रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दिए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
बैठक में मौजूद लता, सुनीता, प्रमिला, सीमा, सत्या, चमेली देवी, सरोज, निशा , प्रितमा और रानी ने कहा कि लगातार हो रही वारदातों के कारण महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों में भय का वातावरण है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि संवेदनशील क्षेत्रों में तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
वार्ड-13 के पार्षद सुखबीर सिंह लवली ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाएं बेहद गंभीर मामला हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए तथा चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्रवासी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी, प्रभावी गश्त और आधुनिक निगरानी व्यवस्था ही वार्ड में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में कारगर साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here