डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा) 

निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पवित्र आशीर्वाद से आज स्थानीय संत निरंकारी सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 202 श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में एक श्रेष्ठ कदम बढ़ाया है। इस रक्तदान शिविर की शुरुआत गांव छत्तबीड़ से आई 60 वर्षीय बहन नछत्तर कौर जी द्वारा किए रक्तदान से हुई। डेरा बस्सी ब्रांच का यह 22वाँ रक्तदान शिविर था।

इस रक्तदान शिविर का उद्घाटन चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सन् 1986 से अब तक 9000 से अधिक रक्तदान शिविरों में लगभग 15 लाख यूनिट रक्त मानव कल्याण के लिए समर्पित किए जा चुके है। इसी प्रकार चंडीगढ़ जोन में 20 कैंप इस वर्ष में लगाए जा रहे हैं जिनमें लगभग 3500 यूनिट रक्तदान होने का अनुमान है। संत निरंकारी मिशन में रक्तदान को केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानवता की निःस्वार्थ सेवा माना जाता है। रक्तदान के अतिरिक्त निरंकारी मिशन द्वारा समय समय पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रोजेक्ट अमृत के तहत स्वच्छ जल अभियान इत्यादि चलाए जाते हैं। निरंकारी भवनों पर कढ़ाई-सिलाई केंद्र, फ्री चेरिटेबल डिस्पेंसरी भी चलाए जा रहे हैं। बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की प्रेरणा कि “मानव रक्त नालियों में नहीं नाड़ियों में बहना चाहिए” के अंतर्गत आज सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज भी मानव कल्याण के हित को ध्यान में रखते हुए सभी को बढ़चढ़ कर इस महादान में अपना योगदान देने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

डेराबस्सी की संयोजक बहन गुरचरन कौर जी ने इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा, जोनल इंचार्ज चंडीगढ़, क्षेत्रिय संचालक राजेश गौड़, आये हुए गणमान्य व्यक्तियों, अन्य ब्रांच मुखियों सहित सभी रक्तदाताओं का आभार व धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सारी मानवता ही अपना परिवार है। जब हम रक्तदान करते हैं, तब हम किसी के जीवन में आशा का दीप जलाते हैं। यही सच्ची इंसानियत और सेवा का मार्ग है। जी.एम.सी.एच. सैक्टर 32, चंडीगढ़ के डॉ ईशिता जी के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम ने यूनिट एकत्रित किए। इस अवसर पर स्थानीय सेवादल ने भी भरपूर सहयोग दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here