पटियाला / अखंड लोक ब्यूरो
पंजाब के पटियाला के घुम्मण नगर में पालतू पिटबुल के हमले का खौफनाक मामला सामने आया है। किराए का घर देखने पहुंचे एक दंपति पर अचानक मकान मालिक के पिटबुल ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों एक रियल एस्टेट एजेंट के साथ घर देखने पहुंचे थे।
जैसे ही उन्होंने घर का गेट खोला, परिसर में मौजूद पिटबुल ने महिला पर झपट्टा मार दिया। पत्नी को बचाने की कोशिश में पति भी हमले की चपेट में आ गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया और उसकी प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी।
घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में पिटबुल को दंपति पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद इलाके में भी इस मामले को लेकर चर्चा है।




