डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
घग्गर रेलवे स्टेशन के पास रेल गाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति घायल हो गया। रेलवे पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया, जहां से उसे चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घायल की पहचान नहीं हो सकी है। घायल व्यक्ति मानसिक रूप से बीमार प्रतीत हो रहा है, जिसकी हालत देखकर लगता है कि वह लावारिस अवस्था में सड़कों पर घूमता रहता था।
रेलवे पुलिस चौकी के एएसआई गुरजिंदर सिंह ने बताया कि रेल चालक ने उन्हें हादसे की सूचना दी थी। इसके बाद उनकी पुलिस टीम रेलवे फ्लाईओवर के नीचे इंडस वैली क्लब के पास पहुंची। जब घायल की तलाशी ली गई तो उसके पास कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके चलते घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने हैरानी जताते हुए कहा कि आमतौर पर रेल गाड़ी की चपेट में आने वाला व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो जाता है या उसकी मौत हो जाती है। कई बार लोगों के शरीर के टुकड़े तक हो जाते हैं, लेकिन इस व्यक्ति को ज्यादा चोट नहीं आई और वह होश में था।




