अखंड लोक शिमला
31 मार्च तक 474 चौकीदार दैनिक वेतनभोगी बनेंगे, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने दी जानकारी
शिमला (अखंड लोक)। हिमाचल प्रदेश में 31 मार्च तक 12 वर्ष पूरे करने वाले ग्राम पंचायत चौकीदारों को दैनिक वेतनभोगी बनाया जाएगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने विधानसभा में यह जानकारी दी।
विधायक रीना कश्यप व हरदीप सिंह बावा के प्रश्न के उत्तर देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायत चौकीदार जिला परिषद का कैडर है। यह विभाग के अधीन नहीं आते हैं। इनको नियमित करने का मामला जब कैबिनेट में जाएगा, तब इस पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में 3773 पंचायतों में 2912 पंचायत चौकीदार कार्यरत हैं, जिसमें से 31 अगस्त 2022 तक 12 वर्ष पूरा करने पर 1518 को दैनिक वेतनभोगी बनाया गया है। शेष अभी बचे हुए हैं।
रेगुलर करने पर क्या बोले
मंत्री ने कहा कि सरकार पंचायती राज संस्थाओं के चतुर्थ श्रेणी के अंशकालिक व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित करने तथा उनकी सेवानिवृत्ति आयु को बढ़ाने का कोई विचार नहीं रखती है।
15 अप्रैल से पहले दिव्यांग कर्मचारियों को पदोन्नति
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि जलशक्ति विभाग में दिव्यांग श्रेणी के कर्मचारियों को 15 अप्रैल से पहले पदोन्नति दी जाएगी। उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार 4 प्रतिशत आरक्षण कोटे के तहत यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए विशेष समिति गठित की गई है।




