डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)

 

डेराबस्सी के नजदीकी गांव मुबारिकपुर में रुपिंदर गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा भरे हुए गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

मामले की जांच कर रहे एएसआई सुरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस को दी शिकायत में हरदीप सिंह पुत्र अजीत सिंह निवासी गांव मुबारिकपुर, जो प्रॉपर्टी का काम करता है, ने बताया कि बीते दिन वह अपने दोस्त गौरव कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीसीसीपीएल कंपनी के सामने स्थित कंटूर फैक्ट्री के पीछे की तरफ जा रहा था। जब वह अपने प्लॉट के पास पहुंचा तो वहां एचपी गैस कंपनी की रुपिंदर गैस एजेंसी डेराबस्सी की एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप गाड़ी (नंबर CH-01TA-8423) खड़ी थी, जिसमें घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर लोड किए हुए थे।

 

इस दौरान दो व्यक्ति भरे हुए गैस सिलेंडरों से नली की मदद से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भर रहे थे। मौके पर सिलेंडरों का वजन करने पर वह निर्धारित वजन से कम पाया गया। इस तरह आरोपी घरेलू और कमर्शियल सिलेंडरों से गैस चोरी कर जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी कर रहे थे, जिससे आम लोगों को भारी नुकसान हो रहा था।

 

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपियों की पहचान सिब्बी सिंह पुत्र कृपा राम और सौरभ कुमार पुत्र नरोत्तम सिंह निवासी गांव मलोसी, थाना सामो, जिला इटावा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव दड़ुआ, चंडीगढ़ के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस तथा धारा 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here