अखंड लोक
लुधियाना-खरड़ फ्लाईओवर पर लूटपाट का खौफनाक हादसा: 3 निहंग बाणे युवकों ने बाइक सवार जोड़े से की लूट,
विरोध पर युवक को 35 फीट नीचे फेंका, सेक्टर-41 निवासी अंकित शर्मा को स्पाइनल इंजरी, L-4 में फ्रैक्चर
मोहाली (अखंड लोक)। लुधियाना-खरड़ फ्लाईओवर पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के पास शुक्रवार रात लूटपाट की एक खौफनाक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। तीन निहंग बाणे युवकों ने तलवारें लहराते हुए बाइक पर जा रहे युवक-युवती को रोका और लूटपाट की। जब युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे उठाकर फ्लाईओवर से करीब 35 फीट नीचे फेंक दिया।
घायल युवक की पहचान सेक्टर-41 निवासी अंकित शर्मा के रूप में हुई है। अंकित ने पुलिस को बताया कि गत रात करीब 2 बजे वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बाइक पर सीयू से खरड़ की तरफ फ्लाईओवर से जा रहे थे। तभी तीन लोगों ने तलवारें दिखाकर उन्हें रोक लिया।
आरोपियों ने सबसे पहले अंकित से मोबाइल फोन और जेब में मौजूद सामान देने को कहा। घबराए अंकित ने बाइक की चाबी फेंक दी ताकि बदमाश बाइक लेकर फरार न हो जाएं। इसके बाद तीनों ने उसकी गर्लफ्रेंड को घेर लिया और उससे मोबाइल फोन, चांदी की चेन और सोने की नोज पिन उतरवा ली। आरोपियों ने उसके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। अंकित ने रोकने की कोशिश की तो तीनों ने उसे उठाकर फ्लाईओवर से नीचे फेंक दिया।
करीब 35 फीट की ऊंचाई से गिरने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी फरार हो गए।
घायल अंकित को पहले खरड़ अस्पताल ले जाया गया और फिर फेज-6 सिविल अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि उसकी रीढ़ की हड्डी का L-4 हिस्सा फ्रैक्चर हो गया है। हालत गंभीर होने के कारण उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अंकित ने अस्पताल पहुंचने के बाद अपने मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की तो पता चला कि वारदात के बाद आरोपी एक गुरुद्वारे के आसपास मौजूद थे।
थाना प्रभारी बलबिंदर सिंह के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है और उनकी तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा, लूटपाट और युवाओं की आवाजाही के दौरान खतरे को उजागर करती है। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




