डेराबस्सी / अखंड लोक संवाददाता
पंजाब को साफ-सुथरा बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान की डेराबस्सी में जमीनी हकीकत कुछ अलग नजर आ रही है। डेराबस्सी में हलका विधायक के फ्लेक्स बोर्ड के ठीक नीचे कूड़े के ढेर लगे होने की तस्वीर सामने आने के बाद सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
एक तरफ सरकार और प्रशासन की ओर से शहरों को साफ-सुथरा बनाने के लिए सफाई अभियान चलाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के दावे किए जा रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ हलका विधायक के फ्लेक्स बोर्ड के नीचे ही कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यह स्थिति सफाई व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सीधे तौर पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे फ्लेक्स बोर्डों के आसपास ही कूड़ा पड़ा रहे तो ‘मिशन क्लीन पंजाब’ जैसे अभियानों का लोगों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केवल फ्लेक्स बोर्ड लगाने या सफाई के नारे लिखने से शहर साफ नहीं होगा, बल्कि नगर काउंसिल को जमीनी स्तर पर नियमित सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
लोगों के अनुसार कूड़े के ढेरों के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है और मक्खी-मच्छरों की समस्या पैदा होने का खतरा बना हुआ है। बरसात के मौसम में कूड़ा पड़ा रहने से गंदगी और बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। लोगों ने नगर काउंसिल से मांग की कि इस स्थान से तुरंत कूड़ा उठवाया जाए और शहर में ऐसी अन्य जगहों की भी पहचान कर सफाई करवाई जाए।
शहरवासियों ने कहा कि सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए नगर काउंसिल और संबंधित विभागों को केवल कागजी कार्रवाई या प्रचार तक सीमित न रहकर नियमित निगरानी करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि हलका विधायक और नगर काउंसिल इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर कूड़े के ढेर हटवाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here