डेराबस्सी, अखंड लोक संवाददाता डीएवी पब्लिक स्कूल डेराबस्सी में ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को ब्रह्माकुमारीज की रेणु दीदी और शिवकुमार भाई ने संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी सोच, मानसिक स्थिति और पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की लत व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करने के साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बन जाती है। कार्यक्रम के दौरान राजू भाई भी उपस्थित रहे।
रेणु दीदी और शिवकुमार भाई ने विद्यार्थियों को छात्र जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक शक्ति के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी अच्छे संस्कारों, सकारात्मक विचारों और आत्मअनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकती है। विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य प्रीतम दास शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय की जरूरत हैं। ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से बचाने और उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज की बहनों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।




