ढकोली / अखंड लोक (देव शर्मा)। ढकोली के एमएस एन्क्लेव स्थित गगनेजा ज्वेलर्स के बाहर लगे बिजली के खंभे में शनिवार शाम अचानक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। आग लगते ही खंभे से तेज स्पार्किंग होने लगी और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली के खंभे पर अत्यधिक लोड होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास की दुकानों में मौजूद दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए, जबकि नजदीकी घरों में रहने वाले लोग भी दहशत के चलते अपने घरों से बाहर आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को घटना की सूचना दी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती तो आग आसपास की दुकानों और इमारतों तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने बिजली विभाग से ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान करने, जर्जर बिजली ढांचे की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here