डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे काफी प्रॉपर्टी के नुकसान की खबर है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, सीनियर फायर ऑफिसर महेंद्रपाल सिंह और बलजीत सिंह ने बताया कि पहली घटना गांव कारकोर की है, जहां किसान हरबिलास सिंह के खेतों में अचानक आग लगने से गेहूं के तीन खेत जल गए। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आस-पास के इलाकों में भी दहशत का माहौल बन गया था।
दूसरी घटना गांव सतारपुर में हुई, जहां खेतों में खड़े सफेदे के पेड़ों में भयानक आग लग गई। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत एक्शन लिया और आग को और फैलने से रोका।
इसी बीच, डेराबस्सी की मशहूर एटीएस सोसायटी में आग लग गई। यहां जीएस गिल के घर में लगे ए.सी. में अचानक आग लग गई। आग लगने से घर के अंदर धुआं फैल गया, लेकिन फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और आग बुझा दी।
इन सभी घटनाओं में किसी की जान जाने से बचा रहा। फायर ब्रिगेड के जवानों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पाया जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




