डेराबस्सी, अखंड लोक (देव शर्मा)
डेराबस्सी शहर की पॉश कॉलोनी एटीएस जीएम-१ एक्सटेंशन में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए अंदर का कीमती सामान उठा लिया। जानकारी देते हुए मकान मालिक लेफ्टिनेंट कर्नल दुष्यंत अरोड़ा ने बताया कि वे इस समय बलटाना में रह रहे हैं और उनकी ड्यूटी जम्मू-कश्मीर में लगी हुई है। उन्होंने डेराबस्सी के एटीएस जीएम १ एक्सटेंशन में अपना मकान तैयार करवाया हुआ है, जो पिछले कुछ समय से बंद पड़ा था। जब वे छुट्टी पर घर वापस आए, तो उन्होंने अपने मकान का दौरा किया, जहां पहुंचकर वे हैरान रह गए।
उनके मुताबिक चोरों ने घर के अंदर घुसने के लिए पहले खिड़की का शीशा तोड़ा और फिर अंदर दाखिल हो गए। घर में पहुंचने के बाद चोरों ने पंखे की तारें, पंखे, गैस सिलेंडर और टूटियां समेत अन्य काफी सामान चोरी कर लिया। चोरी की इस वारदात के कारण मकान मालिक को बड़ा नुकसान हुआ है।
इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके के वासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की वारदातों पर रोक लग सके।
संपर्क करने पर थाना प्रभारी सुमीत मोर ने कहा सूचना मिलने पर मामले की जाँच शुरू कर दी है।




