डेराबस्सी/अखंड लोक (देव शर्मा) पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने जिला एसएएस नगर के डेराबस्सी स्थित खनन विभाग में तैनात सब डिवीजनल अधिकारी (एसडीओ) रमनजोत सिंह को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर मिली शिकायत के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी एसडीओ ने शिकायतकर्ता से पहले 40 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 19.40 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
आरोप है कि शिकायतकर्ता की जमीन से मिट्टी उठाने के मामले में कोई कार्रवाई न करने के बदले आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 8 लाख रुपये की रिश्वत ली। जैसे ही उसने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच में आरोप सही पाए गए। आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना मोहाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here