डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डेराबस्सी ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। आज ट्रैफिक इंचार्ज सुरिंदर सिंह ने हाईवे पर चल रही एक ओवरलोड भूसे से भरी ट्रॉली को काबू कर पुलिस स्टेशन में बंद कर दिया।
ट्रैफिक इंचार्ज सुरिंदर सिंह ने बताया कि अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रॉली में क्षमता से अधिक भूसा लदा हुआ था, जो अन्य वाहनों के लिए खतरा बना हुआ था। ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर वाहन को रोककर दस्तावेजों की जांच की और नियमों के उल्लंघन के चलते ट्रॉली को जब्त कर थाने ले जाया गया।
ट्रैफिक इंचार्ज ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ओवरलोड वाहन न सिर्फ ट्रैफिक में बाधा डालते हैं, बल्कि गंभीर सड़क हादसों का कारण भी बनते हैं। खासकर भूसे से भरी ट्रॉलियों की चौड़ाई ज्यादा होने के कारण हाईवे पर चलने वाले अन्य चालकों को काफी परेशानी होती है। किसी भी स्थिति में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित सीमा के अनुसार ही लोड करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि कीमती जानें बचाई जा सकें।




