डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
सिविल अस्पताल डेराबस्सी में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। थाना प्रभारी डेराबस्सी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने अस्पताल का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए घोषणा की कि अस्पताल की पार्किंग में जल्द ही हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सिविल अस्पताल की पार्किंग सहित अस्पताल के सामने बने फ्लाईओवर के नीचे खड़े और आने-जाने वाले हर वाहन पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
थाना प्रभारी डेराबस्सी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने कहा कि चोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों की पहचान करना आसान हो जाएगा। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों द्वारा लंबे समय से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा रही थी, क्योंकि यहां से अक्सर दोपहिया वाहनों की चोरी की शिकायतें मिलती रहती हैं।
थाना प्रभारी सुमित मोर ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाना है। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोगों के वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पार्किंग क्षेत्र को कैमरों की निगरानी में लाया जा रहा है।
पुलिस ने अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर उन स्थानों की पहचान कर ली है, जहां कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही अस्पताल के आसपास पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।




