डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)

डेराबस्सी के नजदीक गांव सुंडरा से मोर ठीकरी रोड पर बिजली के खंभों की खराब हालत इलाके के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। यहां लगे कई बिजली के खंभे पूरी तरह झुक चुके हैं और किसी भी समय गिर सकते हैं। ये खंभे अब सीधे तौर पर राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए हादसों को न्योता दे रहे हैं।

स्थानीय निवासी भूपिंदर सिंह सहित अन्य लोगों का कहना है कि यह सड़क काफी व्यस्त रहती है और यहां से रोजाना स्कूली बच्चे, मजदूर और अन्य लोग गुजरते हैं। खंभों के झुकने के कारण तार भी काफी नीचे आ गए हैं, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। अगर समय रहते इन खंभों को ठीक नहीं किया गया तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है।

इलाका वासियों ने आरोप लगाया है कि वे कई बार पावरकॉम विभाग के अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से इस सड़क पर लगे खतरनाक खंभों को बदला जाए या उन्हें मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here