डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
डेराबस्सी में श्री सुखमनी इंटरनेशनल स्कूल के बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली के लिए आज विशाल रोष रैली निकाली गई। संयुक्त किसान मोर्चा, ट्रेड यूनियनों और विभिन्न संगठनों ने स्कूल के मुख्य गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
पंजाब एटक के प्रधान कॉमरेड बंत सिंह ब्रार ने हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी ही सरकार होने के बावजूद विधायक हल्के के मजदूरों को इंसाफ नहीं दिला सके।
पक्के कर्मचारियों को हटाकर ठेके पर नई भर्ती करना गैरकानूनी और मजदूरों के साथ धोखा है। एटक के उप-प्रधान विनोद चुघ ने बताया कि धरना 12 मार्च से 30वें दिन में पहुंच गया है।
स्कूल प्रबंधन ने रैली को विफल करने के लिए छुट्टी कर दी और अभिभावकों को स्कूल में मरम्मत चलने का बहाना बताया। संगठनों ने पंजाब सरकार से तुरंत दखल की मांग की और कहा कि अगर मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो 21 अप्रैल को बस स्टैंड से विधायक के गांव तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।




