डेराबस्सी, अखंड लोक ब्यूरो 
स्थानीय मबारिकपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब तेज रफ्तार आरडीसी प्लांट के एक मिक्सचर ट्रक ने एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि गनीमत यह रही कि बुजुर्ग की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक बुजुर्ग अपनी एक्टिवा नंबर **PB 65 AP 3424** पर सवार होकर मबारिकपुर से डेराबस्सी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिक्सचर ट्रक नंबर **PB 65 BB 9272** ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा ट्रक के नीचे आकर काफी हद तक चकनाचूर हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बुजुर्ग समय रहते एक्टिवा से दूर जा गिरा, जिससे वह गंभीर चोट लगने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

लोगों ने प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

हादसे से गुस्साए स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि मबारिकपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार टिपर और मिक्सचर ट्रक खौफ का कारण बन चुके हैं। रिहायशी इलाकों और तंग सड़कों पर भी वाहन चालक लापरवाही से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।

लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी सड़क पर मिक्सचर ट्रक की चपेट में आने से गांव ककराली के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।

प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

इलाका निवासियों ने पुलिस विभाग और एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता से मांग की है कि इन तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नजर रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ भारी चालान किए जाएं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here