डेराबस्सी, अखंड लोक (देव शर्मा)
पंजाब भर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मंडल स्तर पर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। ये प्रदर्शन पंजाब वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के डीएम डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर किए गए, जिससे राज्य की राजनीति में गरमाहट पैदा हो गई है।
डेराबस्सी में भी भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बन्नी संधू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया, जिसमें पार्टी के मंडल अध्यक्ष, जनरल सेक्रेटरी, कार्यकारिणी कमेटी के सदस्य, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए डीएम की मौत की सीबीआई से निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस मौके पर बन्नी संधू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान डीएम की आत्महत्या की सीबीआई जांच करवाने से इनकार कर रहे हैं, जो कि काफी गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जब तक इस मामले की सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, जिससे लोगों में बेचैनी और गुस्सा बढ़ रहा है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि डीएम की मौत के हालात की पूरी तरह से जांच होनी चाहिए ताकि परिवार को न्याय मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सीबीआई जांच का ऐलान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में संघर्ष और तेज किया जाएगा।भाजपा के इस राज्यव्यापी प्रदर्शन से राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है और आने वाले समय में इस मामले पर सियासी तकरार बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इस मौके पर भाजपा नेता राकेश अचिंत, रवींद्र वैष्णव, पवन धीमान, हरमेस गुप्ता, सतीश कोंडल, दिनेश वैष्णव, हैप्पी कोसल, अमन पाहवा, अशोक कुमार, मोनू अत्री, घनश्याम सिंह, मक्खन सिंह आदि उपस्थित थे।




