डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
एक ओर पंजाब सरकार और ट्रैफिक पुलिस आम लोगों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दे रही है और नियम तोड़ने वालों के भारी-भरकम चालान काटे जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर डेराबस्सी में प्रशासनिक लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नगर परिषद की एक सरकारी गाड़ी बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर घूमती नजर आ रही है, जिससे “दीये तले अंधेरा” वाली कहावत चरितार्थ होती दिखाई दे रही है।

शहर में पिछले कुछ दिनों से नगर परिषद की एक गाड़ी लगातार देखी जा रही है, जिस पर न तो आगे नंबर प्लेट लगी है और न ही पीछे। हैरानी की बात यह है कि इस वाहन का इस्तेमाल रोजाना सरकारी कार्यों के लिए किया जा रहा है, लेकिन इस ओर न तो नगर परिषद के अधिकारियों का ध्यान जा रहा है और न ही ट्रैफिक पुलिस कोई कार्रवाई करती दिखाई दे रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई आम नागरिक बिना नंबर प्लेट या अधूरे दस्तावेजों के साथ वाहन चलाता है, तो पुलिस तुरंत चालान कर देती है। लेकिन जब बात सरकारी वाहन की आती है तो नियमों की अनदेखी कर दी जाती है। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या ट्रैफिक नियम केवल आम जनता के लिए ही बनाए गए हैं?

शहरवासियों का यह भी कहना है कि अगर इस बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी से कोई हादसा हो जाता है, तो उसकी पहचान कैसे की जाएगी। ऐसे में प्रशासन की यह लापरवाही गंभीर सवाल खड़े करती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तुरंत जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का पालन सभी के लिए समान रूप से सुनिश्चित हो सके।

अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद संबंधित विभाग और उच्च अधिकारी इस पर कोई ठोस कदम उठाते हैं या फिर यह सरकारी वाहन यूं ही नियमों की अनदेखी करते हुए सड़कों पर दौड़ता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here