अखंड लोक
मोहाली

जीरकपुर (अखंड लोक)। शहर के एक प्रतिष्ठित बिजनेस हब में कार्यरत सोशल मीडिया मैनेजर युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और मोबाइल छीनने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर बलटाना निवासी अभिषेक दुबे के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी युवक पिछले छह महीने से उस पर दोस्ती और संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। युवती के लगातार इनकार करने पर आरोपी उसे इमोशनली ब्लैकमेल करता रहा और फोन पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से परेशान करता था।

शिकायत में बताया गया कि घटना वाले दिन जब युवती ड्यूटी खत्म कर ऑफिस से बाहर निकली, तो आरोपी अपने एक साथी के साथ वहां पहले से मौजूद था। आरोपी ने युवती को रोककर उससे बहस शुरू कर दी और विरोध करने पर गले पर थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद लिफ्ट के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, शोरूम के नीचे पहुंचने पर आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन छीन लिया और उसके चेहरे पर लगातार वार किए, जिससे उसका होंठ फट गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here