अखंड लोक चंडीगढ़
चंडीगढ़ (अखंड लोक)। सेक्टर-21 निवासी बिल्डर अंकित सिदाना के घर पर फायरिंग कर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार दो शूटरों को रविवार को जिला अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब मुख्य साजिशकर्ता ‘जानू’ की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुल्लांपुर गरीबदास के गांव तीड़ा निवासी 22 वर्षीय रमनदीप सिंह उर्फ अक्षय और नवांशहर के गांव गढ़ी अजीत सिंह निवासी नरेंद्र धीर उर्फ आकाश के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टर कौशल चौधरी के गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
सेक्टर-19 थाना पुलिस ने इन्हें लुधियाना से प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाया था। आरोपितों के वकील दीक्षित अरोड़ा ने गिरफ्तारी का विरोध किया और कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है। पुलिस को इनसे कोई हथियार बरामद नहीं हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में शूटरों ने खुलासा किया कि ‘जानू’ नाम के एक युवक ने उन्हें सिदाना के घर पर फायरिंग करने के लिए 20 हजार रुपये देने का वादा किया था। पुलिस ने अब जानू को भी इस मामले में नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। छापेमारी जारी है।
इस केस में पहले से ही गैंगस्टर कौशल चौधरी और डोनी बल को नामजद किया जा चुका है। आरोपितों के बयान पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक कार को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है। साजिशकर्ताओं और पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। इलाके में इस घटना से दहशत का माहौल है। बिल्डर और कारोबारी रंगदारी के बढ़ते खतरे से चिंतित हैं।




