लालडू / अखंड लोक (देव शर्मा)
शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने अमृतसर में वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के जिला मैनेजर द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार इस मामले को दबाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अकाली दल के नेताओं ने इसे उजागर कर जनता के सामने सच्चाई रखी।

एनके शर्मा गांव घोलूमाजरा में 29 मार्च को डेराबस्सी पहुंचने वाली ‘पंजाब बचाओ यात्रा’ के संबंध में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक वरिष्ठ अधिकारी की आत्महत्या से प्रदेश में भ्रष्टाचार के स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है। शर्मा ने आरोप लगाया कि मंत्री अपने करीबी लोगों को टेंडर दिलाने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार संबंधित मंत्री का इस्तीफा लेकर मामले को दबाने की कोशिश कर रही है, जबकि शिरोमणि अकाली दल पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की कि वे सत्ता का अहंकार छोड़कर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपें।

शर्मा ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में वायरल हो रहे वीडियो पंजाब सरकार के मंत्रियों और विधायकों के व्यवहार पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में किसानों और बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन कथित अत्याचारों का जवाब केवल शिरोमणि अकाली दल ही दे सकता है और पार्टी पंजाब वासियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर गुरविंदर सिंह हसनपुर, बुल्लू राणा, संजू प्रजापत, रघुबीर जुनेजा, रोहित रतन, रविंद्र वलेचा, विक्की डहर, हरदम जासधना, गुरजीत सिंह कुरली, जगजीत चौंधहेड़ी और रामनिवास सरपंच सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here