डेराबस्सी, अखंड लोक (देव शर्मा)
डेराबस्सी के गांव मुबारकपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें एक नाबालिग को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने अगवा कर उसके ऊपर डीज़ल डालकर आग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर निवासी जतिन पुत्र दीपक कुमार ने बताया कि उसका भाई निखिल (16) घर में मौजूद था और उस समय घर में कोई अन्य सदस्य नहीं था। तभी 3-4 अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर का दरवाज़ा खटखटाया और उसके छोटे भाई को अगवा कर कहीं ले गए। वहां से भागने की कोशिश करने पर आरोपियों ने निखिल पर डीज़ल डालकर आग लगा दी। निखिल घायल अवस्था में भागकर अपने पिता की दुकान पर पहुंचा, जहां से उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने मुबारकपुर पुलिस चौकी में सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




