डेराबस्सी / अखंड लोक (देव शर्मा)
डेराबस्सी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले गांव समगौली और बीजणपुर में **’गोल्डन फॉरेस्ट’ कंपनी** की जमीन से अवैध तरीके से मिट्टी की माइनिंग किए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि यह सारा काम माइनिंग विभाग के अधिकारियों की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन विभाग की ओर से इसे रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात के अंधेरे में जेसीबी मशीनों और टिप्परों के जरिए मिट्टी की निकासी लगातार जारी है। माइनिंग माफिया द्वारा बिना किसी अनुमति या रॉयल्टी के सरकारी और कंपनी की जमीन को खोखला किया जा रहा है। इलाके के निवासियों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी माइनिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।
इस अवैध माइनिंग के चलते मिट्टी की अंधाधुंध खुदाई से इन गांवों का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है और आसपास की खेती योग्य जमीनों को भी खतरा पैदा हो गया है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण गांवों की सड़कें भी बुरी तरह टूट रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को सूचित किया है, लेकिन ऐसा लगता है कि माइनिंग माफिया और विभाग के बीच कोई गुप्त मिलीभगत है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे संघर्ष का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
जब इस बारे में एसडीओ माइनिंग **रमनजोत सिंह** से संपर्क करने की कोशिश की गई तो कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने फोन नहीं उठाया, जिसके कारण उनसे बात नहीं हो सकी।




