जीरकपुर/ अखंड लोक (देव शर्मा): जीरकपुर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर एक लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाए और शादी की तारीख पर नहीं पहुंचा। पीड़ित लड़की की शिकायत पर जीरकपुर पुलिस ने खुद को आर्मी कर्नल बताने वाले युवक निशान सिंह चहल के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 में पीड़िता ने जीरकपुर से शिमला के लिए एक कैब बुक की थी, जिसे निशान सिंह नाम का उक्त युवक चला रहा था। शिमला पहुंचने के बाद उसका कुछ सामान गाड़ी में ही रह गया। अक्टूबर 2025 में जब उसने अपना सामान वापस मांगा तो आरोपी ने उससे कहा कि वह चंडीगढ़ आने पर सामान लौटा देगा।
बाद में, नवंबर 2025 में उसने पीड़िता को शिमला बुलाया और कहा कि वह सामान ले जाए और जब पीड़ित लड़की अपना सामान लेने शिमला पहुंची तो निशान सिंह ने उससे शादी करने की इच्छा जताई। शादी का वादा करने के बाद आरोपी लड़की के फ्लैट पर आता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। शिकायत में कहा गया है कि दोनों ने 25 मार्च 2026 को शादी की तारीख तय की थी, लेकिन आरोपी तय दिन पर शादी के लिए नहीं पहुंचा।
इसके बाद पीड़िता को ठगा हुआ महसूस हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हैरानी की बात यह भी है कि आरोपी खुद को आर्मी में कर्नल और शिमला में पोस्टेड बताता था। अगर वह सच में आर्मी में कर्नल है, तो उसे टैक्सी चलाने की क्या ज़रूरत थी, यह भी जांच का विषय बन गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।




