लालड़ू / अखंड लोक (देव शर्मा)
लालड़ू थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रिहायशी इलाके में बिना अनुमति बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर उनका कारोबार किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में पटाखे, उनके डिब्बे, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार रिहायशी क्षेत्र में इस तरह पटाखों का भंडारण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे का कारण भी बन सकता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय गुप्ता और अक्षित गुप्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

