डेराबस्सी /अखंड लोक (देव शर्मा)

धार्मिक आस्था और उत्साह के माहौल में नवयुवक एकता क्लब, मोहल्ला दादपुरा की ओर से 26वीं पैदल यात्रा बड़े त्रिलोकपुर के लिए रवाना हुई। इस पावन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा शुरू होने से पहले भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें भक्तजन ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। इसके साथ ही माता की चौकी का भी आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने माता रानी का गुणगान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

नवयुवक एकता क्लब के सदस्यों ने बताया कि यह पैदल यात्रा पिछले 26 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है, जिसमें हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में धार्मिक भावना को जागृत करना और समाज में एकता का संदेश देना है।

आयोजन के तहत 31 मार्च को विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा माता रानी के भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं 1 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।

इस अवसर पर क्लब के सभी सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here