प्रशान्त राय / गोरखपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन अखिल कुमार ने थाना झंगहा के शातिर वांछित अपराधी राघवेंद्र यादव पुत्र शिवचंद यादव निवासी सुगहा की गिरफ्तारी के लिए ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। इस इनामी राशि को डीजीपी यूपी ने संस्तुति दी है। एडीजी गोरखपुर ने इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजा गया था, जिसके क्रम में पुलिस महानिदेशक द्वारा शातिर अपराधी राघवेंद्र यादव की गिरफ्तारी हेतु ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

4 हत्याओं का आरोपित राघवेंद्र यादव को लेकर झंगहा और गोबडौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस महकमे की पूरी कोशिश यही है कि कहीं भी उसकी सूचना मिलते ही उसे किसी भी हाल में धर दबोचा जाए। झंगहा थाना क्षेत्र के सुगहा गांव निवासी राघवेंद्र यादव के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति को ढाई लाख रुपए इनाम दिए जाने का पोस्टर झंगहा थाना क्षेत्र के गोबड़ौर चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने सोमवार को क्षेत्र में चिपकाया। राघवेंद्र यादव विगत 5 वर्षों से 4 हत्याओं का आरोपित है। वह जब से अपराध की दुनिया में आया तभी से फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले को ढाई लाख रुपए इनाम दिया जाएगा और उसका नाम-पता गुप्त रखा जाएगा।

2016 से फरार चल रहा है
उल्लेखनीय है कि राघवेंद्र यादव जोन का अब तक का एकमात्र अपराधी है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु ढाई लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है। उक्त अपराधी द्वारा वर्ष 2016 में मामूली विवाद को लेकर गांव के ही दो व्यक्तियों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इसने फरारी की अवधि में मुकदमे की पैरवी कर वापस आते समय वादी मुकदमा और उनके पिता की वर्ष 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी। वह अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पुलिस महानिदेशक द्वारा घोषणा की गई है कि राघवेंद्र यादव उपरोक्त को गिरफ्तार करने या उसकी गिरफ्तारी हेतु परिणामजनक सूचना देने वाले व्यक्ति को ढाई लाख रुपये की धनराशि का पुरस्कार दिया जाएगा। उक्त अपराधी के संबंध में कोई भी सूचना थानाध्यक्ष झंगहा के मोबाइल नंबर 9454403514, क्षेत्राधिकारी चौरी-चौरा के मोबाइल नंबर 94 54401416, पुलिस अधीक्षक उत्तरी गोरखपुर के मोबाइल नंबर 9454400452 या वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के मोबाइल नंबर 9454400273 चौकी इंचार्ज गोबडौर मोबाइल नंबर 7393912860 पर दी जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here